मध्यप्रदेश:– मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सोमवार को बालाघाट पहुंच रहे हैं। वे यहां इतवारी गंज कृषि मंडी स्थित कार्यक्रम स्थल में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और फिर लाड़ली बहनों से राखी बंधवाएंगे और फिर पौधारोपण भी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 10 बजे जबलपुर डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और फिर सड़क मार्ग से बालाघाट के लिए प्रस्थान करेंगे दोपहर 1:30 बजे बालाघाट पहुंचेंगे।
बैगा समुदाय के पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति
लाड़ली बहनों के लिए आभार सह उपहार कार्यक्रम भी होगा, जिसमें मुख्यमंत्री आजीविका मिशन के छह समूहों की 300 दीदियों के हाथों से राखी बंधवाएंगे। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को उत्सव का रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम में बैगा समुदाय द्वारा पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा ढंढार मंडली बालाघाट और नैतरा की मंडली संगीत प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में भद्रकाली समूह द्वारा शिव तांडव नृत्य की प्रस्तुति खास रहेगी।
तैयार हो रहे सावन के चार झूले
जानकारी के अनुसार, कृषि मंडी में तीन स्थलों पर मुख्यमंत्री का कार्यक्रम होगा। कृषि मंडी में मुख्य स्थल पर लाड़ली बहनों के लिए आभार सह उपहार कार्यक्रम होगा। मंडी के प्रथम तल पर रक्षाबंधन कार्यक्रम होगा, जहां छह समूहों की 300 महिलाएं मुख्यमंत्री को राखी बांधेंगी।
प्रथम तल को पारंपरिक कलाओं से सजाया गया
मंडी के सामने परिसर में अलग-अलग स्थानों में बैगा समुदाय के कलाकार, ढंढार मंडली बालाघाट व नैतरा के कलाकार और भद्रकाली समूह के कलाकार अपनी-अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसी स्थान पर सावन के चार झूले लगाए जाएंगे।
चार से पांच हजार महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, कार्यक्रम में जिलेभर से चार से पांच हजार महिलाओं के कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। हालांकि, जिले में जारी वर्षा के कारण अथवा मौसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री का कार्यक्रम खटाई में पड़ सकता है। वहीं, दूसरी तरफ प्रशासनिक स्तर पर सीएम के कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में है।
सजेगी मेहंदी, बच्चों के मनोरंजन की भी व्यवस्था
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम स्थल में रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए मेहंदी रचाने की व्यवस्था की गई है। यहां मेहंदी कलाकार महिलाओं के हाथों में मेहंदी सजाएंगे। इसके अलावा यहां बच्चों के लिए भी मनोरंजन की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल पर बच्चों के लिए मिक्की माउस सहित अन्य कार्टून कैरेक्टर के स्टेच्यू रखे जाएंगे। सावन साेमवार होने के कारण महिलाओं के लिए भोजन और फलाहार की व्यवस्था रहेगी। बताया गया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सोमवार को दोपहर एक बजे के करीब बालाघाट पहुंचेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम में खास
दो समूहों के कलाकार देंगे पारंपरिक ढंढार संगीत प्रस्तुति।
पहली बार सीएम के कार्यक्रम में शिव तांडव की प्रस्तुति।
300 बहनें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बांधेंगीं राखी।
अधिकारियों ने सुरक्षा की व्यवस्था का जायजा लिया।
चार-पांच हजार महिलाएं कार्यक्रम में होंगी शामिल।
यातायात व्यवस्था के लिए कई मार्गाें को परिवर्तित किया
इतवारी गंज जैविक कृषि उपज मंडी में आज सोमवार को होने वाले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम के लिए सोमवार काे शहर की यातायात व्यवस्था और मार्ग में ट्रैफिक बदला रहेगा। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित कर लोगों को असुविधा न हो, इसलिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था के लिए कई मार्गाें को परिवर्तित किया है। ये प्रभाव सोमवार सुबह नौ बजे से शुरू होगी, जो आगामी आदेश तक बनी रहेगी।
पुलिस के मुताबिक, लालबर्रा, वारासिवनी की ओर से बालाघाट आने वाले वाहन एवं बसे डेंजर रोड से नवेगांव-सरेखा-बैहर रोड से बैहर रेलवे क्रासिंग होते हुए बस स्टैंड जाएगी। गोंदिया, लांजी की ओर से बालाघाट आने वाले वाहन एवं बसें सरेखा तिरहा से संविधान चौक बैहर रोड होकर बस स्टैंड जाएगी।
बालाघाट, बैहर से वारासिवनी, लालबर्रा की ओर आने-जाने वाले वाहन एवं बसें संविधान चौक से कोसमी होकर नवेगांव, गोंगलई, गायखुरी होकर डेंजर रोड से गर्रा पुल से आवागमन करेंगे।
लालबर्रा, वारासिवनी से कार्यक्रम स्थल आने वाली बसें डेंजर रोड जागपुरघाट, आंबेडकर चौक होते हुए उत्कृष्ट स्कूल मैदान में वाहन पार्किंग करेंगे। लांजी, गोंदिया से कार्यक्रम स्थल आने वाली बसें नवेगांव स्कूल से गोगंलई-गायखुरी जागपुरघाट आंबेडकर चौक होते हुए उत्कृष्ट स्कूल मैदान में वाहन पार्क करेंगे।
बैहर, लामता से कार्यक्रम स्थल आने वाली बसें संविधान चौक से कोसमी होकर नवेगांव, गायखुरी, जागपुर घाट, आंबेडकर चौक होते हुए उत्कृष्ट स्कूल मैदान में वाहन पार्क करेंगे। कार्यक्रम स्थल में आने वाले छोटे वाहनों की पार्किंग सेठिया स्कूल ग्राउंड, रेलवे स्टेशन रोड पर रहेगी।
बैहर रोड से शास्त्री चौक से देवी तालाब होकर कार्यक्रम स्थल आने वाले छोटे वाहनों की पार्किंग जयहिंद टाकीज के सामने ग्राउंड में की जाएगी। समस्त बसों की पार्किंग उत्कृष्ट स्कूल ग्राउंड में रहेगी। बसों से आने वाले लोग उत्कृष्ट स्कूल ग्राउंड से पैदल हनुमान चौक से कांग्रेस कार्यालय के सामने से सेठिया स्कूल के पास से कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे।
