
राजनांदगांव। जिले सोमनी थाना क्षेत्र के ग्राम सांकरा में संचालित रबर फैक्ट्री में काम करते समय गर्म पानी में झुलसे मजदूर की मौत मामले में पुलिस ने फैक्ट्री संचालक और ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर मुचलके पर रिहा किया गया है।
फैक्ट्री में कार्यरत मजदूर महाराष्ट्र गोंदिया के ग्राम ढुबरूटोला पोष्ट दर्रेकसा निवासी नोहर पिता गणेश उइके 18 साल की गर्म पानी में झुलसने के बाद इलाज के दौरान रायपुर के अस्पताल में 16 अक्टूबर को मौत हो गई थी। बताया गया कि नोहर 13 अक्टूबर को काम के दौरान अंदर लगे पानी मोटर पंप को चालू करने जा रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह गर्म पानी में गिर गया।
पुलिस ने जब मामले की जांच की तो फैक्ट्री संचालक द्वारा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं मिली। इसे देखते हुए संचालक व ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। सोमनी पुलिस ने बताया कि आरोपी फैक्ट्री संचालक मनीष पिता सत्यनारायण शर्मा 43 साल निवासी पूनम कॉलोनी वार्ड 21 थाना सीटी कोतवाली राजनांदगांव और बिहारी मिश्रा पिता विजय मिश्रा 34 साल निवासी सामेनी शीतला मंदिर के पास के खिलाफ धारा 304 (ए) के तहत कार्रवाई की जा रही है।