नई दिल्ली:- आजकल ज्यादातर लोग ट्रेन टिकट ऑनलाइन ही बुक करते हैं, IRCTC वेबसाइट या अन्य ऐप्स के माध्यम से. लेकिन आज भी काफी लोग ऐसे हैं जो काउंटर पर जाकर टिकट खरीदते हैं. ऐसे में अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या काउंटर से खरीदे गए टिकट को ऑनलाइन कैंसिल किया जा सकता है या नहीं? अब इसका जवाब खुद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिया है.
दरअसल, संसद में एक प्रश्न के जवाब में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट किया कि काउंटर से खरीदे गए टिकट को भी ऑनलाइन रद्द किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि IRCTC की वेबसाइट या रेलवे पूछताछ नंबर 139 के माध्यम से आप काउंटर टिकट को ऑनलाइन कैंसिल कर सकते हैं. हालांकि, रिफंड की राशि प्राप्त करने के लिए आपको रेलवे आरक्षण केंद्र पर जाना होगा.
बीजेपी सांसद मेधा विश्राम कुलकर्णी ने संसद में यह सवाल उठाया था कि क्या टिकट रद्द कराने के लिए ट्रेन के प्रस्थान से पहले स्टेशन जाना अनिवार्य है. इसी के जवाब में रेल मंत्री ने यह महत्वपूर्ण जानकारी दी.
कैसे करें काउंटर टिकट को ऑनलाइन कैंसिल
रेल मंत्री के अनुसार, काउंटर टिकट को ऑनलाइन कैंसिल करने के लिए आप दो तरीकों का इस्तेमाल कर सकते हैं.
IRCTC वेबसाइट:IRCTC की वेबसाइट पर जाकर अपने PNR नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी डालकर आप टिकट कैंसिल कर सकते हैं.
रेलवे पूछताछ नंबर 139:आप 139 पर कॉल करके भी अपनी टिकट कैंसिल करा सकते हैं.
रिफंड कैसे प्राप्त करें: हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि ऑनलाइन कैंसिल करने के बाद रिफंड की राशि आपको सीधे आपके खाते में नहीं मिलेगी. इसके लिए आपको अपने ओरिजिनल टिकट के साथ रेलवे आरक्षण केंद्र पर जाना होगा और वहां से रिफंड प्राप्त करना होगा.
रेलवे नियम 2015 के अनुसार: रेल मंत्री ने यह भी बताया कि रेलवे यात्री (टिकट रद्द करना और किराया वापसी) नियम 2015 के अनुसार प्रतीक्षा सूची वाले टिकट को आरक्षण काउंटर पर निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करके रद्द किया जा सकता है.