लखनऊ। शासन ने अपने घर से दूर नौकरी कर रहे बेसिक शिक्षा विभाग के 16 हजार से अधिक शिक्षकों को अपने घर के पास जाने का तोहफा दिया है। विभाग ने लंबी कवायद के बाद एक जिले से दूसरे जिले में 16,614 शिक्षकों का तबादला किया है। सोमवार शाम इसकी सूची जारी होने के बाद शिक्षकों और परिजनों में खुशी का माहौल है।
शासन ने तीन जून को बेसिक के विद्यालयों में तैनात शिक्षकों के एक से दूसरे जिले में तबादले का विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किया था। इस क्रम में आठ जून से ऑनलाइन तबादला प्रक्रिया शुरू हुई। हालांकि इसमें कुछ तकनीकी दिक्कत आई लेकिन इसे सुधार कर आवेदन पूरे किए गए। 45,914 शिक्षकों ने इसके लिए आवेदन किए थे।