तेलंगाना:- राजधानी हैदराबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है. मैलारदेवपल्ली थाना क्षेत्र में एक मां ने अपनी 15 दिन की नवजात बच्ची को पानी की बाल्टी में डुबोकर मार डाला. बताया जा रहा है कि महिला ने यह खौफनाक कदम आर्थिक तंगी से परेशान होकर उठाया.
क्या है पूरा मामला
यह अमानवीय घटना आईडीए बंदलागुड़ा इलाके में हुई. पुलिस के मुताबिक, दंपत्ति, जो मूल रूप से तमिलनाडु के रहने वाले हैं, यहां शास्त्रीपुरम के अलीनागर स्थित एक कंपनी में काम करते हैं. दंपत्ति का एक साल का बेटा भी है.
जानकारी के अनुसार, पति को छह महीने पहले किडनी फेल होने का पता चला था. वह पहले से ही गर्भवती थी और 15 दिन पहले ही उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया था. पति की बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रही महिला को यह चिंता सताने लगी कि अगर उसके पति की मृत्यु हो जाती है तो उनका क्या होगा. उसने यह भी सोचा कि बड़ी होने पर वह बच्ची के शादी और अन्य खर्चों का बोझ अकेले नहीं उठा पाएगी.
दिल दहला देने वाली घटना
मंगलवार को, जब महिला का पति घर पर नहीं था, उसने नवजात बच्ची को पानी से भरी बाल्टी में फेंक दिया. बच्ची की मौत के बाद, महिला ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. उसने नाटक रचते हुए कहा कि जब वह नहाने गई थी, तब अज्ञात लोगों ने उसकी बच्ची को पानी की बाल्टी में फेंक दिया. उसने यह भी कहा कि उसे बच्ची का शव घर के आसपास ढूंढने पर बाल्टी में मिला.
पुलिस की जांच और सच्चाई का खुलासा
महिला के विलाप करने पर, उसके पति ने तुरंत पुलिस को सूचित किया. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. हालांकि, घटनास्थल की परिस्थितियां महिला के बयान से मेल नहीं खा रही थीं, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ.
कड़ी पूछताछ के बाद, महिला ने आखिरकार अपना गुनाह कबूल कर लिया. उसने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उसने अपनी बच्ची को पानी में डुबोकर मार डाला. पुलिस ने गुरुवार को महिला को गिरफ्तार कर लिया और उसे रिमांड पर भेज दिया है.