
नयी दिल्ली: विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भारत में एक अरब कोविड टीका लगाने की उपलब्धि को असाधारण करार देते हुए कहा है कि वैश्विक स्तर पर जीवन रक्षक कोविड टीके तक सबकी पहुंच सुनिश्चित की जानी चाहिए।
डब्ल्यूएचओ में दक्षिण-पूर्व एशिया की क्षेत्रीय निदेशक डॉ पूनम खेत्रपाल सिंह ने बृहस्पतिवार को यहां कहा कि थोड़े से समय में इतनी बड़ी संख्या में कोविड टीके लगाना एक असाधारण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा,“ यह राजनीतिक नेतृत्व, विभिन्न क्षेत्रों में तालमेल और स्वास्थ्य एवं अग्रिम पंक्ति के योद्धाओं और आम जनता के समर्पित प्रयासों के बिना संभव नहीं था। एक अरब काेविड टीके लगाने की उपलब्धि हासिल करने के लिए ढेरों शुभकामनायें।”
डॉ खेत्रपाल सिंह ने कहा कि भारत की इस उपलब्धि को देश के समर्पण में देखा जाना चाहिए और वैश्विक स्तर पर कोविड टीके तक सभी को पहुंच सुनिश्चित करने के प्रयास किये जाने चाहिए।