सोनीपत।सेक्टर-27 थानाक्षेत्र की खन्ना कालोनी में सिगरेट व अंडर गारमेंट की एजेंसी शक्ति ट्रेडर्स के संचालक को गन प्वाइंट पर लेकर बाइक सवार दो बदमाश आठ लाख रुपये की नकदी लूटकर ले गए। पीडि़त व्यापारी मंगलवार देर शाम करीब साढ़े नौ बजे अपनी एजेंसी पर नकदी लेने आए थे। तभी बाइक पर पहुंचे दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।सूचना के बाद पहुंची सेक्टर-27 थाना पुलिस ने जांच के बाद लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगालते हुए बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में कांबिंग कर रही है।
सेक्टर-15 के रहने वाले यशपाल सिंह ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि वह अंडर गारमेंट्स व सिगरेट के थोक व्यापारी है। इसके लिए उन्होंने खन्ना कालोनी में शक्ति ट्रेडर्स के नाम से अपनी एजेंसी खोल रखी है। उनके पास 10-12 युवक काम करते हैं। जो बाजार में माल सप्लाई करने के साथ ही रुपये एकत्रित कर उन्हें देते है। वह मंगलवार देर शाम को अपने कार्यालय में बैठे थे। उनके साथ एक ग्राहक नरेंद्र भी मौजूद थे।इसी दौरान दो युवक उनकी एजेंसी में घुसे और आते ही पिस्तौल तान दी। उनको गन प्वाइंट पर लेकर एक युवक ने वहां रखा आठ लाख रुपये की नकदी से भरा बैग उठा लिया और बाहर भाग गए।
वह भागते हुए बाहर से दरवाजा बंद कर गए, जिस पर अचानक हुई घटना से वह घबरा गए और कुछ नहीं समझ पाए।कुछ देर बाद में उन्होंने अपने भाई अशोक को मामले से सूचित किया। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद यशपाल सिंह के बयान पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया।यशपाल सिंह ने बताया कि बदमाश अचानक उनकी एजेंसी पर आए और सीधे पिस्तौल तान दी। उनमें से एक ने चेहरे पर हेलमेट लगा रखा था और दूसरे ने मास्क लगाया हुआ था। जिससे उनका चेहरा पूरी तरह पहचान नहीं सके। लूट के बाद वह दोनों अपनी बाइक से भाग गए। दरवाजा बाहर से बंद होने के चलते वह बाइक को नहीं देख सके, केवल आवाज ही सुनी।