मुंबई:- शिव सेना उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर हमला बोला. उन्होंने भारत-पाक युद्ध विराम की आलोचना करते हुए गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा मांगा. संजय राउत का कहना था कि अमित शाह हर चीज के लिए जिम्मेदार हैं, इसलिए सबसे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए. अमित शाह का इस्तीफा लेने की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की है.
संजय राउत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को एक असफल ऑपरेशन बताया. पहलगाम आतंकी हमले के बाद आतंकवादियों के खिलाफ उठाये गये गृह मंत्रालय के काम को असफल और संवेदनहीन बताया. उन्होंने कहा कि पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 महिलाओं का सिंदूर मिटा दिया था. उसके बाद हमारे सैनिक लड़े. लेकिन युद्ध के दौरान सरकार पीछे हट गयी.
बता दें कि केंद्र सरकार ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद 7 मई को आतंकवाद के खिलाफ ‘आपरेशन सिंदूर’ सैन्य कार्रवाई शुरू की थी. 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर की घोषणा की गयी. इसके बाद सीमा पर गोलीबारी बंद है. इसी सीजफायर को लेकर संजय राउत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफा मांगा.
बीजेपी ने बाल ठाकरे का अपमान किया: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कुछ दिन पहले बयान दिया था कि ”अगर बाला साहब ठाकरे आज जिंदा होते तो वे पाकिस्तान पर केंद्र सरकार के रुख का स्वागत करते.” संजय राउत ने बीजेपी की नाराजगी पर कहा, ”आप इसलिए नाराज हैं क्योंकि उद्धव ठाकरे ने आपके सामने आत्मसमर्पण नहीं किया. हमने उनके सामने आत्मसमर्पण नहीं किया, इसलिए आपने अपने स्वार्थ के लिए शिवसेना को तोड़ दिया और यह देखकर क्या बाला साहब आपको गले लगाते? इस तरह से आप बाला साहब का अपमान कर रहे हैं.
