रायपुर:- संघ लोक सेवा आयोग यूपीएससी ने साल 2024 के सिविल सेवा परीक्षा का फाइनल रिजल्ट मंगलवार को घोषित कर दिया. इस परीक्षा में कुल 1,009 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है. जिसमें यूपी के प्रयागराज की शक्ति दुबे ने टॉप किया है. कुल 1009 उम्मीदवारों में 725 पुरुष और 284 महिला उम्मीदवारों का चयन हुआ है.
छत्तीसगढ़ के टॉपर्स के बारे में जानिए: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की पूर्वा अग्रवाल ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 65वीं रैंक हासिल की है. वहीं बस्तर की मानसी जैन ने 444वीं और सरगुजा के केशव गर्ग ने 496वीं रैंक प्राप्त की है. राज्य के युवक, युवतियों की यूपीएससी परीक्षा में सफलता से लोगों में खुशी का माहौल है.
अंबिकापुर की सच्ची जायसवाल हुई सफल, 654वीं रैंक हासिल की: UPSC सिविल सेवा परीक्षा में अंबिकापुर की सच्ची जायसवाल ने 654 वां रैंक लाया है. सच्ची के पिता का नाम मोहन जायसवाल और माता का नाम अमिता जायसवाल है.ये परिवार अम्बिकापुर के बौरी पारा में निवास करता है. सच्ची ने कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई अम्बिकापुर के सेंट्रल स्कूल से की और 9 वीं से 12वीं की पढ़ाई होली क्रॉस स्कूल में पूरी की. इसके बाद सच्ची ने दिल्ली में ग्रेजुएशन किया और पोस्ट ग्रेजुएशन जेएनयू से किया है.
यूपीएसएसी टॉप टेन टॉपर्स की लिस्ट : यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक वन से 10 तक के टॉपर्स के नाम जानिए.
शक्ति दुबे
हर्षिता गोयल
डोंगरे अर्चित पराग
शाह मार्गी चिराग
आकाश गर्ग
कोमल पुनिया
आयुषी बंसल
राज कृष्ण झा
आदित्य विक्रम अग्रवाल
मयंक त्रिपाठी
आईएएस में 180, आईएफएस में 55, आईपीएस में 147, विभिन्न केंद्रीय ग्रुप ए सेवाओं में 605 पद और ग्रुप बी सेवाओं में 142 पद पर उम्मीदवारों का चयन हुआ है.
यूपीएससी परीक्षा की पूरी जानकारी: यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों का चयन होता है. इसके साथ साथ अलाइड सर्विसेज के लिए भी अधिकारियों का चयन किया जाता है. तीन चरणों में यूपीएससी सिविल सेवा की परीक्षा होती है. जिसमें प्रीलिम्स, मेन परीक्षा और साक्षात्कार शामिल है.
कितने परीक्षार्थी सिविल सेवा परीक्षा में हुए शामिल ?: इस साल यूपीएससी सिविलसेवा परीक्षा के लिए कुल 9,92,599 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. जिसमें 5,83,213 उम्मीदवार वास्तव में परीक्षा में उपस्थित हुए. कुल 14,627 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए योग्य पाए गए. यह परीक्षा सितंबर 2024 में आयोजित हुई थी. मुख्य परीक्षा में कुल 2,845 उम्मीदवार साक्षात्कार के लिए चुने गए. यह इंटरव्यू परीक्षा इस साल 7 जनवरी से 17 अप्रैल के बीच आयोजित हुई थी. इनमें 1,009 उम्मीदवार सिविल सेवा के विभिन्न संवर्गों के लिए योग्य पाए गए.