नई दिल्ली:- इंटरनेशल स्पेस सेंटर में 9 महीने बिताने के बाद अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर आखिरकार घर लौट आए हैं. उनके वापस आने के बाद अब बहुत से लोगों के दिमाग में यह सवाल उठ रहा है कि इन दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को NASA कितने रुपये भुगतान करेगा? क्या इन्हें ओवरटाइम मिलेगा? यहां हम इन्हीं सारी बातों की जानकारी देने वाले हैं.
NASA सुनीता विलियम्स और विल्मोर को कितना अतिरिक्त भुगतान करेगा
हैरानी की बात है कि अन्य नौकरियों से विपरीत, स्पेस मिशन पर समय बिताने वाले अंतरिक्ष यात्रियों के लिए कोई विशेष ओवरटाइम मुआवजा नहीं दिया जाता है. NASA के रिटायर्ड अंतरिक्ष यात्री कैडी कोलमैन ने बताया कि अंतरिक्ष यात्री एक संघीय कर्मचारी होता है. ऐसे में, अंतरिक्ष में बिताए गए उनके सभी समय को भी पृथ्वी पर किसी अन्य सामान्य कार्य दिवस की तरह ही गिना जाएगा, जिसमें लंबी अवधि के लिए कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं दिया जाएगा.
अंतरिक्ष यात्रियों को उनके मिशन की अवधि के दौरान उनका सामान्य वेतन ही मिलता है, हालांकि जब वे ISS पर होते हैं, तो NASA उनके निर्वाह और रहने के खर्च वहन करता है. जानकारी के अनुसार, अंतरिक्ष यात्रियों को अतिरिक्त भुगतान के रूप में केवल एक छोटा सा दैनिक वजीफा मिलता है. NASA इसे छोटे-मोटे खर्चों के लिए देती है. कोलमैन ने बताया कि उन्हें वजीफे के तौर पर 4 डॉलर प्रति दिन मिलते थे.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 2010-11 में कोलमैन जब अपने 159-दिवसीय मिशन पर थीं, तो वापस आने पर उन्होंने आकस्मिक मुआवजे के तौर पर कुल लगभग 636 डॉलर यानी करीब 55,000 रुपये से ज्यादा कमाए थे. इसी तरह अगर अनुमान लगाएं तो विलियम्स और विल्मोर, जिन्होंने अंतरिक्ष में 287 दिनों से अधिक समय बिताया है, तो उन्हें इस मिशन की लंबी अवधि के लिए अतिरिक्त मुआवजे के तौर पर लगभग 1,148 डॉलर यानी करीब 1 लाख रुपये मिल सकते हैं.
सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर का GS-15 वेतन
बता दें कि सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर दोनों ही GS-15 वेतन ग्रेड के अंतर्गत आते हैं, जो संघीय कर्मचारियों के लिए सामान्य अनुसूची प्रणाली में सबसे अधिक है. इस ग्रेड के अंतरिक्ष यात्रियों को 125,133 डॉलर से 162,672 डॉलर प्रति वर्ष वेतन दिया जाता है. चूंकि उनका मिशन लंबा था, इसलिए उनका वेतन ISS पर बिताए गए समय के आधार पर आनुपातिक होगा.
नौ माह के मिशन पर कितनी हुई कमाई
कुछ रिपोर्टस की माने तो, अपने नौ महीने के मिशन के लिए सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को 93,850 डॉलर से 122,004 डॉलर यानी करीब 81 लाख रुपये से 1.05 करोड़ के बीच आनुपातिक वेतन दिया जाएगा. इस वेतन में 1,148 डॉलर का आकस्मिक वेतन जोड़ दें तो, इस मिशन के दौरान उनकी कुल कमाई संभवतः 94,998 डॉलर से 123,152 डॉलर यानी करीब 82 लाख रुपये से 1.06 करोड़ रुपये के बीच होगी.