करौली। राजस्थान के करौली जिले में एक घर में मगरमच्छ घुस आया. इससे घरवालों में अफरा-तफरी मच गई. शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उनके भी होश उड़ गए. करौली में चंबल नदी से निकलकर बीती रात मगरमच्छ ग्रामीण सतीश मीणा के घर में घुस आया था. इसे देखकर घरवाले डर गए. सभी ने शोर मचा कर ग्रामीणों को बुलाया.
दौड़कर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और घरवालों ने मगरमच्छ को घर से निकालने के प्रयास शुरू किए. कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीण मगरमच्छ को पकड़ने में कामयाब हुए. इसके बाद वापस उसे चंबल में छोड़ आए. हैरानी वाली बात ये है कि घर में मगरमच्छ घुसने की जानकारी वन विभाग को दी गई थी. लेकिन वन विभाग के कर्मचारी या अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे. सूचना मिलने के बाद भी किसी के मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश है.
बता दें कि चंबल किनारे बसे गांवों और किसानों के खेतों में आए दिन मगरमच्छ आने की घटनाएं सामने आती रहती हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि घड़ियाल सेंचुरी में लगे कर्मचारियों के द्वारा बिल्कुल ध्यान नहीं दिया जाता है. अक्सर अप्रिय घटनाएं होती रहती हैं.