बिहार: बिहार के सीवान से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। इस दौरान प्रेमी के हाथ-पैर बांधकर उसकी जमकर पिटाई कर दी गई। बाद में दोनों की शादी भी कर दी गई। मामला महाराजगंज के थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी मितरंजन अपनी प्रेमिका प्रियंका से मिलने सीवान के महाराजगंज अनुमंडल के अकील टोला गांव पहुंच गया। जहां घरवालों ने उसे पकड़ लिया। दोनों को एकसाथ कमरे में देख घरवाले भड़क गए। उसके बाद उन्होंने प्रेमी मितरंजन को पड़कर बंधक बना लिया और हाथ-पैर बांधकर जमकर पिटाई की। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। परिवार वालों ने युवक की पिटाई करने बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में प्रेमी और प्रेमिका की शादी कर दी।


युवती की मां आशा देवी ने बताया कि अचानक उनकी बेटी प्रियंका घर में नहीं दिख रही थी। उसके बाद हम लोग ढूंढ़ने लगे। तभी एक कमरे में एक-साथ दोनों बात करते दिखाई दिए। उसके बाद दोनों को पकड़ लिया गया और उसके प्रेमी मितरंजन की पिटाई की गई। उसी दौरान दोनों ने शादी की बात कही।
युवती की मां ने बताया कि दोनों की शादी की बात सुनकर गांव वालों के सामने उनकी शादी करा दी। फिर प्रेमिका को विदा कर प्रेमी के घरवालों को फोन कर जानकारी दी गई। इस पर उन लोगों ने कहा कि जब दोनों एक-साथ रहने को राजी हैं तो हम लोगों को कोई दिक्कत नहीं है।
इस मामले में महाराजगंज थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। आपस में सुलह हो गई होगी, इसलिए यह मामला यहां तक नहीं पहुंचा है।