राजनांदगांव:- छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की है. राजनांदगांव नगर निगम में भी भाजपा की जीत हुई है. बीजेपी के मधुसूदन यादव नवनिर्वाचित महापौर बने हैं. अब नगर निगम में सभापति पद को लेकर भी एक लंबी लिस्ट सामने आई है. जिसके बाद भाजपा ने अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर पर्यवेक्षक नियुक्त किया है.
राजनांदगांव नगर निगम में सभापति को लेकर दावेदारों से चर्चा: राजनांदगांव नगर निगम में सभापति के चुनाव को लेकर कवायद शुरू हो गई है. महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूप कुमारी चौधरी को पर्यवेक्षक बनाया गया है. रविवार को राजनांदगांव जिला भाजपा कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और सभापति चुनाव को लेकर बैठक का आयोजन किया गया. इस बैठक में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद व पर्यवेक्षक रूप कुमारी चौधरी भी शामिल हुई. बैठक में चौधरी ने अध्यक्ष के दावेदारों से एक एक कर चर्चा की.
सभापति की रेस में कई लोग: सभापति के दावेदारों से बात करने के बाद मीडिया से बात करते हुए रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि प्रदेश के 10 नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराया है. भाजपा के पार्षद भी बड़ी संख्या में जीतकर आए है. राजनांदगांव में 39 भाजपा पार्षद जीत कर आए हैं. आने वाले समय में सभापति का चुनाव होना है, इसके लिए वन टू वन सभी से बातचीत कर निर्णय लिया जा रहा है. आने वाले समय में सभापति किसे बनाएंगे इसे लेकर सदस्यों और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की जा रही है.