नई दिल्ली:- सवाल यही है कि वर्ल्ड कप में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले रोहित शर्मा और विराट कोहली भविष्य में कब तक खेलते दिखेंगे? अब यहाँ से उनमें कितनी क्रिकेट बाक़ी है?
इस सवाल का जवाब आनन फ़ानन में नहीं दिया जा सकता. लेकिन इतना तय है कि इन दोनों को फ़िलहाल कुछ दिनों के आराम की ज़रूरत है और फिर उन्हें ख़ुद से ये सवाल पूछना होगा।
36 साल के रोहित शर्मा हों या 35 साल के विराट कोहली, दोनों ने वर्ल्ड कप के दौरान शानदार बल्लेबाज़ी की।
विराट कोहली ने तो एक वर्ल्ड कप में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. लेकिन उम्र के लिहाज़ से दोनों खिलाड़ी उस मकाम पर हैं, जिसे खेल के लिहाज से प्रतिकूल माना जाता है।
हालांकि दोनों बल्लेबाज़ों के फैंस ये ज़रूर दावा कर सकते हैं कि दोनों में कम से कम दो-तीन साल तक बेहतरीन क्रिकेट खेलने की क्षमता बाक़ी है।
इस दौरान भारतीय टीम को तीन आईसीसी टूर्नामेंट में हिस्सा लेना है, लेकिन इन तीनों आयोजन में दोनों क्रिकेटरों के खेलने का दावा नहीं किया जा सकता।
