नई दिल्ली:– सैम पित्रोदा को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस का दोबारा प्रमुख बनाए जाने के बाद कांग्रेस पार्टी सफाई देती दिख रही है। कांग्रेस पार्टी के इस कदम के बाद भाजपा हमलावर है, जिसके बाद पार्टी नेता जयराम रमेश ने एक पोस्ट के जरिए बड़ा दावा किया।
हालांकि, जयराम के इस दावे को सैम पित्रोदा ने नकारा है।
जयराम रमेश के बयान पर क्या बोले पित्रोदा
दरअसल, सैम पित्रोदा को दोबारा ओवरसीज प्रमुख बनाए जाने को लेकर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि पित्रोदा ने पार्टी नेतृत्व को आश्वासन दिया है कि वह अब कुछ ऐसा नहीं बोलेंगे जिससे विवाद के लिए कोई जगह बने। जयराम के इस दावे के बाद पित्रोदा का बयान आया है। पित्रोदा ने कहा कि ये विचार केवल जयराम रमेश के हैं, न कि पार्टी के और वो ऐसा कहने के हकदार हैं।
एक चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि जयराम जो कहते हैं, वह जयराम का अपना नजरिया है, जरूरी नहीं कि वह पार्टी का नजरिया हो। जयराम का ऐसा कहना ठीक है और मैं इसका सम्मान करता हूं। उन्होंने कहा कि मुझे जो करना है, वो मैं करूंगा और इसमें मैं गलतियां कर सकता हूं।
लोकसभा चुनाव के दौरान विवादास्पद टिप्पणियों के कारण उत्पन्न राजनीतिक तूफान के चलते सैम पित्रोदा को 8 मई को इस्तीफा देना पड़ा था। उन्होंने कहा कि जयराम रमेश ने जो कहा वह जयराम का विचार है, न कि पार्टी का रुख। राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा ने कहा कि उन्हें गलतियां करने का अधिकार है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव से पहले सैम पित्रोदा ने अमेरिका के विरासत कर पर अपनी टिप्पणी से बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया था। भाजपा ने पित्रोदा की टिप्पणी पर कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस लोगों की मेहनत की कमाई छीनना चाहती है।
दूसरी ओर भाजपा ने कांग्रेस के कदम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पित्रोदा को हटाना महज चुनावी हथकंडा था।
