मोदी सरनेम के बारे में विवादित बयान के बाद से कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। एक बार पहले ही मानहानि केस की वजह से उनकी लोकसभा की सदस्यता जा चुकी है, अब उनके खिलाफ एक और मानहानि का ही केस दर्ज होने जा रहा है। दरअसल, इस बार वीर सावरकर के पोते सात्यकी सावरकर ने पुणे कोर्ट का रुख किया है।
सात्यकी सावरकर का आरोप है कि, राहुल गांधी ने वीर सावरकर का अपमान किया है. इससे पहले भी उनकी तरफ से ये मुद्दा उठाया जा चुका है और राहुल के खिलाफ एक्शन की मांग भी की है।
सावरकर को लेकर राहुल ने कही ये बात
असल में लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के बाद प्रेस कॉफ्रेंस के दौरान राहुल गांधी से सवाल किया गया कि लोग कहते हैं कि राहुल गांधी माफी मांग लेते, तो राहुल गांधी क्या सोचते हैं. इस सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि मेरा नाम सावरकर नहीं है, मेरा नाम गांधी है. गांधी किसी से माफी नहीं मांगता. जिसके बाद अब सावरकर के पोते गांधी के खिलाफ मानहानि केस करने के लिए कोर्ट पहुंचे हैं।