नई दिल्ली:- भारतीय क्रिकेट टीम ने भी अपने नए सफर की शुरुआत कर दी है. इस नए सफर में टीम इंडिया का पहला पड़ाव ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही घरेलू टी20 सीरीज में चल रहा है, जिसमें सूर्यकुमार यादव को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके बाद टीम इंडिया दूसरे पड़ाव को पार करने के लिए साउथ अफ्रीका जाएगी, जहां टी20, वनडे और टेस्ट तीनों सीरीज खेली जाएगी।
भारत की टी20 टीम का क्या होगा?
साउथ अफ्रीका दौरे की शुरुआत टी20 सीरीज से होगी, इसलिए सबसे पहले चिंता इसी सीरीज की है, और सबसे बड़ी चिंता यह है कि टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया का कप्तान कौन है? टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया की हालत देखकर ऐसा लगता है कि हर सीरीज में एक नया कप्तान देखने को मिल सकता है. रोहित शर्मा को तीनों फॉर्मेट की कप्तानी देने के बाद से बीसीसीआई ने टी20 में कई कप्तानों का इस्तेमाल किया है, और सबसे ज्यादा इस्तेमाल हार्दिक पांड्या का किया गया है।
साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए ब्रॉडकास्टर्स द्वारा तैयार किए गए प्रोमो वीडियो में भी हार्दिक पांड्या ही दिखाई दे रहे थे, जो साउथ अफ्रीका में जाकर टी20 सीरीज खेलने और जीतने की बात कर रहे थे. हालांकि, अब हार्दिक पांड्या चोटिल हैं, रिपोर्ट के मुताबिक वह साउथ अफ्रीका सीरीज के टाइम तक भी ठीक नहीं हो पाएंगे. इस कारण ऑस्ट्रेलिया सीरीज में सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाया गया, और अब साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए एक नया प्रोमो वीडियो आया है, जिसमें केएल राहुल दिखाई दे रहे हैं।
