नई दिल्ली:– लगभग 6 महीने बाद बिहार में विधानसभा चुनाव है। ऐसे में इस साल के अंत में होनो वाले चुनाव को लेकर बिहार का सियासी पारा एकदम से चढ़ गया है। बिहार में पॉलिटिकल पार्टियां अपनी चुनावी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। इस बार के होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियां अगले लेवल की स्ट्रैटजी बना रही हैं।
इसी बीच इस चुनावी वर्ष में बिहार कांग्रेस बड़े बदलावों से गुजर रही है। प्रभारी, अध्यक्ष बदलने के बाद अब कांग्रेस पार्टी जिला और प्रखंड स्तर पर भी बदलाव की तैयारी में है। हालांकि, पार्टी का कहना है कि जिला और प्रखंड में संगठन की मजबूती के लिए यह कदम उठाई जा रही है। लेकिन, अब पार्टी नेताओं में इस बात पर बहस शुरू हो गई है कि पार्टी का चुनावी वर्ष में यह कदम कहीं गलत न साबित हो जाएं।
कमेटी में संयोजक का जिम्मा राजेश कुमार को सौंपा गया
बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लरवारू ने जिला और प्रखंड स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए संगठन में व्यापक बदलाव की रूपरेखा तैयार करने के लिए बकायदा एक स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है। छह सदस्यीय इस कमेटी में संयोजक का जिम्मा प्रभारी ने नवनियुक्त अध्यक्ष राजेश कुमार को सौंपा गया है। राजेश के अलावा कमेटी में विधानमंडल दल के नेता डॉ शकील अहमद, परिषद में दल के नेता डॉ मदन मोहन झा, प्रभारी सचिव देवेंद्र यादव, शाहनवाज और सुशील पासी को भी शामिल किया गया है।
7 अप्रैल को राहुल गांधी पहुंच रहे बिहार
पार्टी के सूत्रों के मुताबिक इसी सात अप्रैल को राहुल गांधी के बिहार दौरे के बाद स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य का अलग-अलग जिले में जाने का कार्यक्रम रखा गया हैं, जहां वे पार्टी के जिला और प्रखंड यूनिट के प्रमुखों से मिलकर यह देखेंगे कि कहां संगठन में बदलाव करना चाहिए और कहां नहीं। इसके बाद अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे।
स्क्रीनिंग कमेटी के गठन के बाद से संगठन के अंदर इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि चुनाव के पहले यदि नीचे की इकाई में बदलाव हुए, तो संगठन पर इसका विपरीत असड़ न पड़ जाए। हालांकि, इस मसले पर फिलहाल पार्टी के नेता आधिकारिक रूप से कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। परंतु उन्हें उम्मीद है कि संगठन के कर्ताधत्र्ताओं तक संगठन के अंदर चल रही चर्चा की जानकारी जरूर हो गई होगी। फिलहाल संगठन की छोटी इकाई नेतृत्व के दौरे और स्क्रीनिंग को लेकर सक्रियता जरूर बरत रही है।
संगठन विस्तार को लेकर हुई आवश्यक बैठक
उधर, गोपालगंज शहर के बंजारी मोड़ के समीप जिला कांग्रेस कार्यालय परिसर में रविवार को जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश गर्ग की अध्यक्षता में संगठन विस्तार को लेकर एक आवश्यक बैठक की गई। नेता मो. चांद शेख ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रखंड अध्यक्ष के साथ मिलकर अगले चार महीने तक पार्टी की मजबूती और बूथ तक कांग्रेस को स्थापित करने में आपके साथ रह कर काम करूंगा।
इसके साथ ही जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश गर्ग ने बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तरफ से चलाए जा रहे अभियान हर घर कांग्रेस का झंडा कार्यक्रम को सफल बनाने और हर एक प्रखंड के अध्यक्षों को इस अभियान में तेजी लाने का अनुरोध किया।
