नई दिल्ली :- हाल ही में आई एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में दुनिया में सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं. केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देश भर में सड़क सुरक्षा में सुधार के लिए भारत में बेचे जाने वाले प्रत्येक दोपहिया वाहन के साथ दो ISI प्रमाणित हेलमेट देने करने का आह्वान किया है.
हाल ही में दिल्ली में एक समारोह में संबोधन करते हुए, गडकरी ने कहा कि भारत के चिंताजनक सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों को देखते हुए इस कदम पर जोर दिया जाना चाहिए. ऐसा इसलिए है, क्योंकि इस देश में हर साल लगभग 4,80,000 दुर्घटनाएं और 1,88,000 मौतें होती हैं. समारोह को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि हर साल 69,000 से ज़्यादा दुर्घटनाएं दोपहिया वाहनों से संबंधित होती हैं. इस प्रस्ताव के समर्थन में, टू-व्हीलर हेलमेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष राजीव कपूर ने कहा कि यह सिर्फ़ नियम नहीं, बल्कि एक ज़रूरत है.
कंपनी ने देश भर में गुणवत्तापूर्ण ISI प्रमाणित हेलमेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उत्पादन बढ़ाने का संकल्प लिया है. THMA इस प्रस्ताव का स्वागत करता है, क्योंकि THMA लंबे समय से अनिवार्य हेलमेट के उपयोग की वकालत करता रहा है. एजेंसी ने कहा कि इस उपाय से मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आ सकती है, खासकर इसलिए क्योंकि सड़क दुर्घटना के 66 प्रतिशत पीड़ित 18 से 45 वर्ष की आयु के बीच के होते हैं.
बता दें कि दशकों से भारत सड़क सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है, दोपहिया वाहनों को निजी परिवहन का सबसे लोकप्रिय साधन माना जाता है, क्योंकि यह कम खर्चीला है और भीड़भाड़ वाले शहरी क्षेत्रों में चलाना आसान है. राज्य स्तर पर हेलमेट अधिनियम को लागू करने के पिछले प्रयासों के बावजूद, देश भर में अनुपालन में महत्वपूर्ण अंतर हैं.
सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों ने लगातार हेलमेट के उपयोग को दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं के कारण होने वाली सिर की चोटों और मौतों को कम करने के लिए सबसे प्रभावी रणनीतियों में से एक के रूप में पहचाना है. विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, हेलमेट के उचित उपयोग से मृत्यु के जोखिम को 40 प्रतिशथ तक और गंभीर चोट के जोखिम को लगभग 70 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है.