सरगुजा :- राज्यपाल रमेन डेका का सरगुजा दौरा बीच में ही स्थगित हो चुका है. राज्यपाल के कारकेड से एक ग्रामीण महिला के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने सूचना दी कि राज्यपाल महोदय का स्वास्थ्य खराब होने के कारण आगे के कार्यक्रम स्थगित किए जाते हैं. वो सड़क मार्ग से रायपुर के लिए रवाना हो गए. इधर घायल महिला की भी मौत हो चुकी है.
बिसरपानी गांव के पास हुआ हादसा : राज्यपाल रमेन डेका सरगुजा के दो दिवसीय प्रवास पर थे. 27 और 28 मार्च वो सरगुजा में कई कार्यक्रमों में शामिल होने वाले थे. 27 को राज्यपाल सरगुजा के मैनपाट में रात्रि विश्राम किए. शुक्रवार सुबह मैनपाट के स्थलों के भ्रमण के बाद उनको अम्बिकापुर आकर विभागीय बैठक सैनिक स्कूल के आयोजन में शामिल होना था. लेकिन जैसे ही उनका काफिला बिसरपानी गांव के उल्टा पानी पहुंचा एक ग्रामीण महिला वाहन से टकरा गई और घायल हो गई.
राज्यपाल रायपुर के लिए रवाना : महिला को तुरंत उपचार के लिए अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया. लेकिन यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन ने सूचना जारी कि और बताया कि राज्यपाल महोदय का स्वास्थ्य खराब होने के कारण आगामी कार्यक्रम स्थगित करते हुए वो सड़क मार्ग से रायपुर रवाना हो चुके हैं. इधर महिला के परिजनों को मुआवजा देने सहित महिला के अंतिम संस्कार की व्यवस्था प्रशासन ने की है.
परिजनों ने सरकारी नौकरी की मांग की : इधर ग्रामीणों ने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि महिला की मौत हो चुकी थी, उसके शव को रखकर जबरन इलाज किया जा रहा था. रात करीब 3 बजे में बाद उसे मृत घोषित किया गया है. परिजन मुआवजा सहित महिला के बेटे को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं.