नई दिल्ली:– राज्य सरकार के कर्मी तथा पेंशनर अपने एवं अपने आश्रितों के स्वास्थ्य बीमा के लिए 30 मई तक ही आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद आवेदन के लिए पोर्टल बंद कर दिया जाएगा।
झारखंड राज्य आरोग्य सोसाइटी के कार्यकारी निदेशक अबू इमरान ने कहा है कि राज्य कर्मियों के स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत कैटेगरी ए के तहत राज्य कर्मी तथा कैटेगरी बी के तहत वैसे पेंशनर जो अभी तक इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन नहीं कर सके हैं, वे निर्धारित तिथि तक अनिवार्य रूप से आवेदन कर लें। इसके बाद वे आवेदन स्वीकृत नहीं किए जाएंगे।
ऐसे करें आवेदन
कार्यकारी निदेशक ने यह भी कहा है कि ऑनलाइन आवेदन करने के बाद डीडीओ से उसका सत्यापन कराएं तथा प्रीमियम (पेंशनरों एवं उनके आश्रितों के लिए) का भुगतान करें। बताते चलें कि राज्य कर्मियों के मामले में प्रीमियम का भुगतान राज्य सरकार करेगी, जबकि पेंशनरों को प्रीमियम का भुगतान स्वयं करना है।
वृद्धा, विधवा, दिव्यांग को पेंशन भुगतान करे प्रशासन : लोहरदगा
सेन्हा प्रखंड मुख्यालय में भाजपा मंडल सेन्हा के अध्यक्ष अशोक साहू के नेतृत्व में भाजपा का प्रतिनिधिमंडल बीडीओ संग्राम मुर्मू को पेंशन भुगतान से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि लंबे समय से विधवा, वृद्धा और दिव्यांग पेंशन का भुगतान जरूरतमंदों को नहीं किया जा रहा है।
पेंशन रोकने से लाभुकों के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। अशोक साहू ने कहा कि पेंशनधारी लाभुकों को पेंशन न मिलने की जानकारी लेने के लिए प्रखंड कार्यालय और बैंक आने में आर्थिक खर्च हो रहा है।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला उपाध्यक्ष हर्षनाथ महतो, प्रखंड अध्यक्ष अशोक साहू, विनोद साहू और भीखाराम भगत शामिल थे। प्रशासन से शीघ्र समाधान की अपेक्षा की जा रही है।
