
रायपुर। राज्य सरकार ने स्कूल के शिक्षकों के लिए भी गर्मी की छुट्टियों का ऐलान किया है। छात्र-छात्राओं के साथ ही शिक्षकों को भी छुट्टी मिलेगी। हालांकि शिक्षकों का प्रशिक्षण और अन्य प्रशासनिक गतिविधि चलती रहेगी। बुधवार को जो आदेश जारी किया गया था, उसमें संशोधन करते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने नया आदेश जारी कर दिया है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में कई जिलों में इन दिनों लू के हालात हैं। ऐसे में स्कूली बच्चों को लेकर सबसे ज्यादा चिंता हो रही थी। जिसके बाद कल छत्तीसगढ़ सरकार ने भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों में बच्चों के लिए छुट्टियां घोषित हुई थी। वहीँ अब नए आदेश के मुताबिक छात्र-छात्राओं के साथ ही शिक्षकों के लिए भी छुट्टी का एलान किया गया है।
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 24 अप्रैल से 14 जून तक सभी निजी और शासकीय स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। 15 जून से स्कूल खुलेंगे। सीएम भूपेश बघेल ने इस संबंध में एक ट्वीट भी किया।
आदेश के मुताबिक, “भीषण गर्मी के कारण राज्य शासन ने निर्णय लिया है कि सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में 24 अप्रैल से ग्रीष्म अवकाश प्रारंभ कर दिया जाए। केवल कुछ विषयों में एंड लाइन असेसमेंट 25 अप्रैल को किया जाना है। उन विषयों में जो विद्यार्थी एंड लाइन के असेसमेंट के लिए स्वेच्छा से स्कूल आना चाहते हैं, उनका उन विषयों का एंड लाइन असेसमेंट 25 अप्रैल को किया जाएगा। इसके बाद अगले शिक्षा सत्र के लिए स्कूल 15 जून से फिर खुलेंगे। यह आदेश शासकीय एवं निजी दोनों प्रकार के स्कूलों पर लागू होगा।”
वहीँ नए आदेश में इस आदेश का पालन करते हुए एक आदेश जारी किया गया है, साथ ही उसमे कहा गया है कि “उक्त अवकाश सभी शिक्षकों के लिए भी लागू होगा।”
