
सीतामढ़ी : बिहार के सीतामढ़ी से एक बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जिसे जानकर पुलिस के साथ साथ लोगों के भी होश उड़ गए. दरअसल एक आठ साल का मासूम बच्चा घर से रोते हुए थाने जा पहुंचा. बच्चे को इस हालत में देख कुछ समय के लिए पुलिस भी हैरत में पड़ गई.
जब थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों ने बच्चे से उसके रोने की वजह पूछी तो वो भी बच्चे की बाते सुनकर हैरान रह गई. दरअसल ये मासूम बच्चा अपनी माँ की शिकायत लेकर थाने पहुंचा था. अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर एक बच्चा अपनी ही माँ की शिकायत लेकर भले थाने क्यों जाएगा.
वैसे बच्चे अपनी मां से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. लेकिन मां की पिटाई और खाना नहीं देने की शिकायत लेकर 8 वर्षीय बच्चा नगर थाने पहुंच गया. उसने रोते हुए पुलिस को अपनी मां की सारी बात बताई.
खाना मांगने पर मां करती है पिटाई
थाना पहुंचे आठ साल के मासूम ने पुलिस वालों से रोते हुए कहा कि वो जब भी अपनी मां से खाना मांगता है तो मां उसकी पिटाई करती है. उसे समय पर खाना भी नहीं दिया जाता है. मां की शिकायत ले थाना पहुंचे 8 साल के बच्चे का वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में बच्चा कहते हुए दिख रहा है कि ” मम्मी खाना नहीं बनाती है. बोलते हैं खाना बनाने के लिए तो नहीं बनाती है. इसी बात को लेकर मार दी. बच्चे ने पुलिस को बताया कि वह 4 क्लास में पढ़ता है. खाना बनाने के लिए बोलने पर मारती है मम्मी.
पुलिस वालों ने खिलाया खाना
पुलिस वाले ने बच्चे की शिकायत सुनी फिर उसे खाना खिलाया. पहले तो थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बच्चे की पूरी शिकायत सुनी और फिर उसे चुप कराकर खाना खिलाया गया. उसके बाद बच्चे के परिवार वालों को बुलाया गया. परिजनों को बच्चे को ना मारने की हिदायत दी गई और बच्चे को भी समझा बुझाकर परिजनों के साथ घर भेज दिया गया. थानाध्यक्ष ने परिजनों को हिदायत देते हुए कहा कि बच्चे को समय से खाना खिलाना है और उसके साथ मारपीट ना करें. आगे शिकायत आई तो कार्रवाई की जाएगी.