
रायपुर। विधायकों का कामकाज देखने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार से प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा शुरू करेंगे। इसकी शुरुआत वे सरगुजा संभाग से करेंगे। बघेल का हेलीकाप्टर बुधवार को सबसे पहले बलरामपुर के सामरी विधानसभा क्षेत्र में उतरेगा। वे हर दिन विधानसभा क्षेत्र के किन्हीं तीन गांवों में जाएंगे।इस दौरान वे स्थानीय लोगों के साथ ही जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, हारे हुए नेताओं आदि से सीधे संवाद करेंगे। इसके जरिए वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जमीनी स्तर पर अवलोकन करेंगे। सीएम के इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने प्रवास के दौरान चार मई से 11 मई तक मुख्यमंत्री बलरामपुर, सूरजपुर और सरगुजा जिले की विधानसभा सीट का दौरा करेंगे। इस दौरान वह सामरी, रामानुजगंज, प्रतापपुर, भटगांव, प्रेमनगर, लुंड्रा, अंबिकापुर, सीतापुर विधानसभा क्षेत्र जाएंगे और जनता से सीधा संवाद करेंगे।
सिंहदेव बस्तर से शुरू करेंगे दौरा
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव भी बुधवार से ही बस्तर संभाग से अपना जनसपंर्क अभियान शुरू करेंगे। पहले दिन वे दंतेवाड़ा जिले में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेंगे। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।