छत्तीसगढ़ :– नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की विशेष सूचना मिलने पर संयुक्त सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान शुरू किया। 25 फरवरी 2026 की शाम को थाना जांगल क्षेत्र के जैगुर–डोडुम इलाके में DRG टीम ने ऑपरेशन लॉन्च किया।
सुबह मुठभेड़, दो माओवादी मार गिराए गए
26 फरवरी की सुबह करीब 6 बजे सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जो कुछ समय तक जारी रही। फायरिंग थमने के बाद इलाके की तलाशी ली गई, जिसमें दो वर्दीधारी माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि मारे गए दोनों माओवादी भैरमगढ़ एरिया कमेटी से जुड़े थे और उन पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। उनकी पहचान हिचामी मडडा और मनकी पोड़ियम के रूप में की गई है।
भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक जब्त
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने अत्याधुनिक हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की। बरामद सामान में SLR और INSAS राइफल, 12 बोर बंदूक, कई मैगजीन व कारतूस, हैंड ग्रेनेड, देशी विस्फोटक, डेटोनेटर, बैटरियां और अन्य नक्सली सामग्री शामिल है।
संयुक्त बलों का सर्च ऑपरेशन जारी
मुठभेड़ के बाद DRG, बस्तर फाइटर्स, STF, CoBRA और CRPF की टीमों द्वारा आसपास के इलाकों में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षाबल पूरे क्षेत्र को सघन तलाशी अभियान के जरिए सुरक्षित कर रहे हैं।
मुख्यधारा में लौटने की अपील
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पट्टलिंगम ने शेष सक्रिय माओवादी कैडरों से हिंसा का रास्ता छोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पहले भी कई माओवादी आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में शामिल हो चुके हैं और सरकार उन्हें बेहतर जीवन का अवसर दे रही है।
