नई दिल्ली:– गोवा के उत्तर जिले अर्पोरा में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात एक लोकप्रिय नाइटक्लब में भीषण आग लगने से 25 लोगों की जान चली गई। यह हादसा पर्यटन नगरी गोवा के इतिहास का सबसे दर्दनाक अग्निकांड माना जा रहा है। मृतकों में 4 पर्यटक और 14 क्लब कर्मचारी शामिल हैं, जबकि 7 शवों की पहचान अभी बाकी है। 6 लोग घायल हुए हैं, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना शनिवार रात करीब 1 बजे ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ (Birch by Romeo Lane) नाइटक्लब में घटी। यह क्लब अर्पोरा गांव में स्थित है, जो पणजी से महज 25 किलोमीटर दूर है और पर्यटकों के बीच काफी मशहूर है। आंखों देखा हाल बताने वाले एक सिक्योरिटी गार्ड ने बताया, “आधी रात को अचानक जोरदार धमाका हुआ। डांस फ्लोर पर डीजे प्रोग्राम चल रहा था और 100 से ज्यादा लोग मौजूद थे। आग तेजी से फैली और भगदड़ मच गई।”
पुलिस के अनुसार, आग संभवतः किचन में गैस सिलेंडर विस्फोट से शुरू हुई। शुरुआती जांच में पता चला कि आग पहली मंजिल पर भड़की और फिर पूरे भवन में फैल गई। अधिकांश मौतें धुंए से दम घुटने के कारण हुईं। तीन लोग जलने से झुलसे, जबकि बाकी बेसमेंट में फंसकर शिकार हो गए। वहां वेंटिलेशन की कमी और इमरजेंसी एग्जिट न होने से लोग बाहर नहीं निकल पाए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाया कि छत पर चिंगारी उड़ने के बाद पूरा क्लब धू-धु जल उठा।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटनास्थल का दौरा किया और इसे राज्य के लिए बेहद दर्दनाक दिन बताया। उन्होंने कहा, “मैं इस त्रासदी की गहन समीक्षा कर रहा हूं। 25 लोगों की जान गई और 6 घायल हैं। सभी घायलों को गोवा मेडिकल कॉलेज में बेहतर इलाज दिया जा रहा है।” सावंत ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और क्लब के मालिक सौरभ लूथरा तथा जनरल मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी हो चुके हैं। उन्होंने साफ कहा, “दोषियों को कानून के सबसे सख्त प्रावधानों के तहत सजा मिलेगी। किसी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
प्रधानमंत्री ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि का ऐलान किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी संवेदनाएं जताईं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इसे “सुरक्षा और शासन की आपराधिक विफलता” करार देते हुए पारदर्शी जांच की मांग की।
हेल्पलाइन नंबर जारी
घायलों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं: 0832-2225383, 7875756000। पुलिस और फायर टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। यह त्रासदी गोवा की चमकती रात्रिमाला पर काला धब्बा बन गई है।
