शहडोल, 6 मार्च। मध्यप्रदेश के शहडोल और अनूपपुर जिले की सीमावर्ती इलाके पथखई की घाटी में एक निजी बस के अनियंत्रित होकर पलटने से तीन यात्रियों की मौत हो गई और 36 यात्री घायल हो गए हैं।
सिंघपुर थाना पुलिस के सूत्रों ने आज बताया कि कल रात लगभग 1 बजे कवर्धा से लखनऊ जा रही निजी बस के पलटने से नादिर खान निवासी तेंदुआ नगरिया थाना बंडा शाहजहांपुर उत्तरप्रदेश, महिमा कश्यप निवासी कवर्धा छत्तीसगढ़ और परसू तेली की मौत हो गई, जबकि 36 यात्री घायल हो गए। घायलों में से 10 को शहडोल जिला अस्पताल और 26 को शहडोल मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।