नई दिल्ली:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार (25 नवंबर) को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में पांच बड़े फैसलों पर मुहर लगाई गई। सरकार ने इन परियोजनाओं के लिए कुल 19,934 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी।
भारत में बनेंगे क्रेन और बुलडोजर
कैबिनेट ने मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने के लिए कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट (CIE) मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम स्कीम को मंजूरी दी है। इसके लिए 11,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत क्रेन, बुलडोजर और निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली भारी मशीनों का देश में ही निर्माण बढ़ाया जाएगा। साथ ही इनके कलपुर्जों और अन्य उपकरणों के घरेलू उत्पादन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
असम में बनेगा नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
कैबिनेट ने असम के सिलचर के पास डोलू में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 2,014 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे पूर्वोत्तर क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल
तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के लिए 4,288 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे बंदरगाह की क्षमता बढ़ाने और माल परिवहन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
डाक विभाग की योजनाओं को भी मंजूरी
कैबिनेट ने डाक विभाग की पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम को जारी रखने के लिए 1,141 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके अलावा एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम के लिए 1,491 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सरकार के इन पांच फैसलों का उद्देश्य देश में विनिर्माण को बढ़ावा देना, बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और डाक सेवाओं को बेहतर बनाना है।
