मध्यप्रदेश:– माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी से प्रारंभ होने जा रही हैं। परीक्षा में अब महज आठ दिन शेष रहने के कारण विद्यार्थियों का तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसका सीधा असर माशिमं की हेल्पलाइन पर देखने को मिल रहा है, जहां प्रतिदिन औसतन 600 से 700 काल प्राप्त हो रही हैं।
इसमें 90 फीसद विद्यार्थी एक ही सवाल पूछ रहे हैं कि बचे हुए समय में परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप कैसे दिया जाए। विद्यार्थियों की प्रमुख जिज्ञासाएं पाठ्यक्रम की दोहराई, महत्वपूर्ण प्रश्नों की पहचान, उत्तर लेखन की सही रणनीति, समय प्रबंधन और परीक्षा के दौरान होने वाली घबराहट से जुड़ी हुई हैं।
माशिमं द्वारा संचालित इस हेल्पलाइन पर विषय विशेषज्ञ, शिक्षक और काउंसलर लगातार विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। काउंसलर्स का कहना है कि इस समय नए टॉपिक पढ़ने के बजाय पहले से पढ़े गए पाठ्यक्रम का ही रिवीजन करें। नया कुछ भी नहीं पढ़ें। पुराने प्रश्नपत्रों को परीक्षा के समय में हल करें। इससे समय प्रबंधन को समझने में मदद मिलती है।
अब दिन-रात पढ़ाई नहीं करें
काउंसलर्स विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं। काउंसलर शबनम खान ने बताया कि अब परीक्षा में कम समय बचा है, इसलिए अब दिन-रात की पढ़ाई करने से कोई फायदा नहीं होगा, बल्कि पर्याप्त नींद लेना जरूरी है, संतुलित भोजन करना और पढ़ाई के बीच छोटे-छोटे ब्रेक लेना जरूरी है। अत्यधिक तनाव से बचते हुए आत्मविश्वास बनाए रखना ही बेहतर प्रदर्शन की कुंजी है।
इस नंबर पर करें फोन
मंडल बोर्ड के टोल फ्री नंबर-1800-2330175 पर प्रतिदिन सुबह आठ बजे से रात्रि आठ बजे तक संचालित हो रहा है। इस टोल फ्री नंबर पर विद्यार्थी परीक्षा से संबंधित तनाव रहित रहने के उपाय के साथ अन्य उपयोगी जानकारी ले सकते हैं।
