जर्मनी की राजधानी बर्लिन में बने रैडिसन ब्लू होटल में मौजूद दुनिया का सबसे बड़ा और मशहूर एक्वेरियम टूट जाने से हालात गंभीर हो गए हैं। इस एक्वेरियम के टूटने से लाखों लीटर पानी बर्बाद हो गया और हजारों मछलियां मारी गईं। होटल को भी तगड़ा नुकसान पहुंचा है। होटल का मलबा पानी के साथ बहते हुए सड़क पर आ गया। जर्मनी की राजधानी बर्लिन के मिट्टे जिले के एक फेमस होटल में मौजूद एक्वाडोम नाम का एक्वेरियम टूट गया। एक अनुमान के मुताबिक, उस समय एक्वेरियम में करीब 2 लाख 64 हजार 172 गैलन पानी मौजूद था, जो कि हर तरफ फैल गया।
जानकारी के हिसाब से एक्वेरियम टूटने की वजह से होटल को बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है। बेलनाकार में बने हुए दुनिया के इस सबसे बड़े एक्वेरियम को मछलीघर के नाम से भी जाना जाता था। सुरक्षाकर्मियों के मुताबिक, इस दुर्घटना में दो लोग घायल भी हुए हैं। हालांकि, अच्छी बात ये है कि किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई।घटना के वक्त होटल में मौजूद लोगों ने बताया कि शुक्रवार तड़के सुबह यह घटना हुई, तब लगा कि जैसे कोई धमाका हो गया है या भूकंप आ गया है। पानी देख तो कुछ लोगों को मन में सुनामी तक का ख्याल आ गया। होटल स्टॉफ से मिली जानकारी के मुताबिक, साल 2020 में इस एक्वेरियम की मरम्मत की गई थी।