मुंबई : अपने पसंदीदा अभिनेता के लिए फैंस का उत्साह देखते ही बनता है। कई बार लोग कुछ ऐसा कर जाते हैं कि, उनकी दीवानगी के चर्चे होने लगते हैं। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और भाईजान सलमान खान की फैन फॉलोइंग बेहद तगड़ी है। उनकी एक झलक पाने के लिए फैंस कुछ भी करने के लिए तैयार हो जाते हैं। ऐसा ही कुछ किया भाईजान के एक फैन ने। दरअसल, सलमान खान का एक फैन जबलपुर से मुंबई उनसे मिलने पहुंचा। पूरे 1100 किमी का सफर इस फैन ने साइकिल से तय किया। सलमान ने भी अपने इस फैन के भावनाओं की कद्र की। वह खुद उससे मिले और सेल्फी ली।
सलमान खान ने हाल ही में मनाया 57वां जन्मदिन
गौरतलब है कि अभिनेता सलमान खान ने हाल ही में 57वां जन्मदिन मनाया और दुनिया भर में अपने फैंस से अपार प्यार और शुभकामनाएं पाईं। अब उनके फैंस नहीं बल्कि दीवानों में एक नया नाम सामने आया है। यह फैन खुद को सलमान खान का ‘दीवाना’ कहता है और उसने अपनी साइकिल पर एक बोर्ड लगा था, जिस पर लिखा था, ‘चलो उनको दुआएं देते चलें। जबलपुर से मुंबई, दीवाना मैं चला।’ सलमान खान ने भी उनके साथ तस्वीर क्लिक कर फैन की ख्वाहिश पूरी की। बॉलीवुड के भाईजान का प्यारा और इस फैन की दीवानगी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ
इन तस्वीरों को देखकर फैंस ने कमेंट सेक्शन में अपने प्यार की बौछार कर दी है। एक फैन ने कमेंट किया, ‘भाई की दीवानगी’। एक अन्य प्रशंसक ने कहा, बॉलीवुड में सलमान खान के सबसे वफादार और दीवानगी टाइप प्रशंसक हैं। वहीं कुछ लोग इस ‘सलमान के दीवाने’ को नंबर 1 फैन का टैग दे रहे हैं।