रायपुर। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के पुत्र के ऊपर एक अनुसूचित जनजाति की महिला के साथ दुराचार का आरोप बेहद ही गंभीर मामला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि चंदेल के पुत्र के खिलाफ थाने में एफआईआर भी दर्ज हो गयी है ऐसे में नेता प्रतिपक्ष अपने पुत्र को खुद थाने में समर्पण करने को कहे और कानून की मदद करें। इस मामले में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का बयान बेहद आपत्तिजनक है। भाजपा के वरिष्ठ नेता रमन सिंह, रामविचार नेताम, अरुण साव किसी ने भी घटना की निंदा नहीं किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा दिल्ली से लेकर छत्तीसगढ़ तक बलात्कारियों और दुराचारियों के समर्थन में खड़ी नजर आ रही है। दिल्ली में देश की नामचीन महिला पहलवान एक दुराचारी के खिलाफ आंदोलनरत है जो भाजपा का सांसद भी है। भाजपा के सांसद कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ पांच-छः महिला पहलवानों के साथ यौन शोषण के आरोप लगे है। महिला पहलवान रो-रोकर न्याय की गुहार लगा रही है। महिला पहलवानों के धरने को दो दिन से अधिक हो गया है लेकिन भाजपा की केंद्र सरकार अपने महिला विरोधी चरित्र के कारण असंवेदनशील बनी हुई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भानुप्रतापपुर में भाजपा ने अपने बलात्कारी नेता को प्रत्याशी बनाया था। पूरे देश ने देखा है कैसे उन्नाव और कठुआ में हुई बलात्कार की घटना के बाद भाजपा के नेता बलात्कारियों को बचाने के लिए झंडा लेकर सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे थे पीड़ित पक्ष को डराया जाता था, धमकाया गया उनके परिवार की सदस्यो की हत्या तक हो गई।
मोदी के खास भाजपा नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन के खिलाफ अभी न्यायालय के आदेश पर बलात्कार के एफआईआर दर्ज हो रहे हैं इससे समझ में आता है कि 2018 की घटना पर किस प्रकार से कार्यवाही नहीं होने दिया गया। डॉ रमन सिंह के मुख्यमंत्री रहते उनके ओएसडी ओपी गुप्ता के ऊपर रेप का आरोप लगा और 4 साल तक पीड़िता का एफआईआर दर्ज नहीं किया गया।