नई दिल्ली:– NEET मुद्दे को लेकर चल रहे प्रदर्शन के दौरान बुधवार को दिल्ली के जंतर-मंतर और टॉल्स्टॉय मार्ग इलाके में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए और सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जंतर-मंतर के बाहर मुख्य सड़क पर बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस के कुछ जवान छोटे-छोटे समूहों में वहां से गुजर रहे थे। इसके बाद स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मियों के पीछे दौड़ पड़े।
पुलिसकर्मियों से भिड़े छात्र
बताया जा रहा है कि कुछ दूरी पर प्रदर्शनकारियों ने कुछ पुलिसकर्मियों को घेर लिया। खुद को छुड़ाने के प्रयास में पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प और तेज हो गई।
स्थिति बिगड़ने पर दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की अतिरिक्त टुकड़ियां मौके पर पहुंचीं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच फिर से भिड़ंत हुई। पुलिस का आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाकर्मियों के डंडे भी छीन लिए।
अफरा-तफरी का माहौल
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए RAF ने कई बार आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बावजूद कुछ समय तक दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि टॉल्स्टॉय मार्ग पर हुई पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और उपलब्ध वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
ACP कनॉट प्लेस विवेक भगत घायल
दिल्ली पुलिस ने इस बारे में बात करते हुए बताया कि रात करीब 8:30 बजे, कनॉट प्लेस में टॉलस्टॉय मार्ग के पास कुछ लोगों ने पुलिस पर पत्थरों और बोतलों से हमला किया, जिसमें ACP कनॉट प्लेस विवेक भगत घायल हो गए। सीनियर अधिकारी उन्हें RML हॉस्पिटल ले गए। कुछ मिनट के लिए हालात तनावपूर्ण थे, लेकिन अब शांति है।
