फतेहाबाद
दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों के आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को कुश्ती संघ के सभी पदाधिकारियों ने त्यागपत्र दे दिया। पदाधिकारियों ने यह कदम भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण के खिलाफ कार्रवाई न होने पर उठाया है। सामूहिक त्यागपत्र में महिला पहलवानों के यौन शोषण केस में सुनवाई न होने पर भी दुख व्यक्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फतेहाबाद जिला कुश्ती संघ के पदाधिकारी आज डीसी एवं जिला ओलिंपिक संघ अध्यक्ष मनदीप कौर से मिले और अपना रोष प्रकट करते हुए उनको अपना सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने कहा कि हमसे विश्व में देश का नाम गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ियों की यह दुर्दशा सहन नहीं हुई, इसलिए पूरी इकाई को आज भंग किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला कुश्ती संघ प्रधान रामनिवास व सचिव प्रदीप पोटलिया ने कहा कि सांसद बृजभूषण शरण सिंह को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आने वाले समय में कोई इस प्रकार खिलाड़ियों से खिलवाड़ न कर सके। उन्होंने कहा कि अगर ऐसी घटनाएं देश के खिलाड़ियों के साथ होंगी तो देश के बच्चे खासकर बेटियां आगे नहीं बढ़ पाएंगी।