बिलासपुर :– लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। नदी-नालों और डैम में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वहीं, पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि खतरनाक स्थानों पर फोटो, सेल्फी, रील या वीडियो बनाने वालों के खिलाफ अब सीधी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पिछले 24 घंटों में हुई रिकॉर्ड बारिश से कई इलाके जलमग्न हो गए हैं और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
लगातार बारिश के कारण जिले के नदी-नालों, डैम और पुल-पुलियों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। बिलासपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश करना या जान जोखिम में डालकर सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाना जानलेवा साबित हो सकता है। एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने स्पष्ट किया है कि चेतावनी के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से विशेष रूप से बच्चों और युवाओं पर नजर रखने और प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स व चेतावनी बोर्डों का पालन करने का आग्रह किया है।
मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन ने अगले 48 घंटों के लिए जिले में ‘हाई अलर्ट’ जारी किया है। भारी से अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों को आगाह किया है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें। यदि बेहद जरूरी काम न हो, तो घरों से बाहर न निकलें और नदी-नालों, डैम तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। जिला प्रशासन ने साफ तौर पर कहा है कि इस मौसम में जरा सी भी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है। प्रशासन की जारी एडवायजरी का पालन करना ही सुरक्षा का एकमात्र उपाय है, इसलिए सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।
