रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अभी तक अपने 64 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की है। इसमें बीजेपी ने जशपुर सीट से जिस उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया है उसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। वे इस सीट से पार्टी उम्मीदवार बदलने की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर कार्यकर्ता पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर धरना दे रहे हैं।
जशपुर सीट से वर्तमान में कांग्रेस के विनय कुमार भगत विधायक हैं। इस सीट पर दूसरे चरण में 17 नवंबर को वोटिंग होगी। बीजेपी ने जशपुर सीट से जशपुर जिला पंचायत की महिला सदस्य रायमुनी भगत को मैदान में उतारा है। उनकी उम्मीदवारी से नाखुश बीजेपी कार्यकर्ता और पूर्व मंत्री एवं पांच बार के पूर्व विधायक गणेश राम भगत के समर्थक शनिवार को तीन बसों में सवार होकर रायपुर पहुंचे और पार्टी के राज्य कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए।
जशपुर से के एक बीजेपी प्रदर्शनकारी राकेश गुप्ता ने विरोध स्थल पर बताया, ‘‘हमें दुख है कि गणेश राम भगत जैसे वरिष्ठ नेता को नजरअंदाज किया जा रहा है। वह आदिवासियों के हित में उत्तरी छत्तीसगढ़ के जशपुर में धर्मांतरण और गोहत्या के खिलाफ आंदोलन में सबसे आगे रहे हैं, लेकिन रायमुनि भगत ने कुछ नहीं किया।” उन्होंने दावा किया कि उराव, नगेशिया और पहाड़ी कोरवा आदिवासी समूहों ने भी रायमुनी भगत की उम्मीदवारी पर आपत्ति जताई है।
