मध्यप्रदेश। विपक्ष के ‘इंडिया’ गठबंधन को लेकर सपा और कांग्रेस में अनबन देखने को मिल रही है. एमपी विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा तो यूपी में कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने भी इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया दे डाली.
अजय राय ने कहा कि एमपी का वोटर हाथ का पंजा जानता है, साइकल को नहीं.
दरअसल, सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एमपी चुनाव में कांग्रेस के रवैये पर आपत्ति जताते हुए कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन सिर्फ राष्ट्रीय स्तर पर है, राज्य स्तर पर नहीं, ऐसी जानकारी हमें पहले नहीं थी. अगर होती तो हम कभी मिलने नहीं जाते.
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने कही ये बात
इस मामले में बोलते हुए यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि अगर आप इंडिया गठबंधन का मजबूत हिस्सा हैं तो आपको यह देखना पड़ेगा कि किस राज्य की स्थिति कैसी है. एमपी में कांग्रेस और बीजेपी की ही लड़ाई होती है. सपा को तो समर्थन करना चाहिए. इनके एक ही विधायक थे वहां. उन्होंने भी बीजेपी जॉइन कर ली.
