मध्यप्रदेश। अमित शाह ने कहा, सपा और बसपा के उम्मीदवारों की मदद करो, ये जितने मजबूत होंगे, उतना हमें फायदा होगा. यही कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाएंगे. उन्होंने कहा, अपने रूठे हुए फूफाओं को मनाने की ज्यादा जरूरत नहीं है.
शाह का कहना था कि अगर वो मान रहे हैं तो ठीक है. वरना आगे बढ़ो. फूफा अपने आप 10 तारीख तक पार्टी का प्रचार करते हुए नजर आएंगे. अभी जो लोग पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ रहे हैं, उनसे जरूर संपर्क करें. उनको मनाने की कोशिश करें, जिससे वो अपना नाम वापस ले लें. अगर जरूरत हो तो मुझसे भी बात कराएं. शाह ने कहा, जिन लाभार्थियों को डबल इंजन की सरकार का लाभ मिला है, उनसे सीधे संपर्क करो. उनका वोट हर हालत में डले, इसके प्रयास करो.
सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह जब सपा और बसपा के उम्मीदवारों को ‘दाना पानी’ देने की बात कर रहे थे, उसी समय अशोक नगर के जिलाध्यक्ष ने कहा कि उनके यहां इन पार्टियों से जो उम्मीदवार खड़े हुए हैं, वे काफी पैसे वाले हैं. इस पर शाह ने दो टूक कहा, राजनीति में जो लोग पैसा कमा लेते हैं, वे खर्च नहीं करना चाहते हैं. इसलिए इस चक्कर में मत पड़ना कि वे पैसे वाले हैं तो उनकी मदद नहीं की जाए.
