रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक दवा कंपनी की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। घटनास्थल से शनिवार शाम तक 8 शव बरामद किए गए, जबकि तीन लापता व्यक्तियों की तलाश जारी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के अधिकारी ने बताया कि मुंबई से लगभग 170 किलोमीटर की दूरी पर स्थित रायगढ़ जिले की यह घटना है। यहां के एमआईडीसी महाड में दवा कंपनी ब्लू जेट हेल्थकेयर की फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह 11 बजे आग लगी थी। अधिकारी ने कहा, ‘सुबह सात बजे तक चार शव मिले थे और शाम पांच बजे तक और 4 शव बरामद किए गए। शेष तीन लोगों की तलाश के लिए स्थानीय एजेंसियों के साथ-साथ एनडीआरएफ के कर्मियों का अभियान जारी है। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी।
