मध्य प्रदेश: कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह आगर प्रत्याशी के समर्थन में सभा करने के लिए पहुंचे. इस दौरान सिंह ने पंचायती राज को फिर से लाने का वादा किया. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी 130 से ज्यादा सीटें जीतेगी.
कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आगर के दौरे पर थे. कांग्रेस प्रत्याशी विपिन वानखेड़े के समर्थन में सभा करने के लिए पहुंचे थे. आगर आने के पहले दिग्विजयसिंह का हेलिकॉप्टर काफी देर तक भटकता रहा. स्थानीय नेताओं द्वारा फोन पर बातचीत के बाद हेलीपेड की दिशा मिल पाई.
फिर से लाएंगे पंचायती राज
जनता को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, सरकार कांग्रेस की बनेगी तो आप लोगों से चर्चा करेंगे और पंचायती राज फिर से लाया जाएगा सरपंचों को जनपद अध्यक्षों को जिला परिषद अध्यक्षों को अधिकार दिया जाएगा. सिंह ने कहा कि वचन पत्र में किए गए वादों को पूरा करने की जवाबदारी कमलनाथ जी, दिग्विजयसिंह और हर कांग्रेस के कार्यकर्ता की है. दिग्विजय सिंह ने कहा मैं इस बात की गारंटी देता हूं.
130 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा
दिग्विजय सिंह ने कहा कि दिवाली के दूसरे दिन इतनी बड़ी सभा मैंने अपने जीवन में कभी नहीं देखी. यह इस बात का संकेत है कि सरकार कांग्रेस पार्टी की बन रही है. सिंह ने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को 130 से अधिक सीट मिलेंगी.दिग्विजय सिंह ने कहा कि लोकतंत्र का मतलब होता है बदलाव और बदलाव से ही हमारा लोकतंत्र मजबूत होगा.
परिवारवाद के सवाल को टाल गए दिग्विजय
गृहमंत्री अमित शाह कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बेटे को लेकर परिवारवाद का मुद्दा लगातार उठा रहे हैं. शाह इसे लेकर कांग्रेस पर लगातार हमलावर हैं. जब इसे लेकर दिग्विजय सिंह से सवाल किया गया, तो उन्होंने इसे टाल दिया और भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने लगे.
