नई दिल्ली: दिवाली के मौके पर आम आदमी पार्टी की नेत्री रुचि गुप्ता अपने फिटनेस सेंटर पर अपने कर्मचारियों की मौजूदगी में लक्ष्मी पूजन कर रही थीं तभी उनके पति हाथ में पिस्तौल लेकर वहां पहुंच गए और उन्होंने गोलियां चला दीं. वहां मौजूद दो कर्मचारी गोली लगने से घायल हो गए. इसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया. घटना सिटी सेंटर इलाके की है.
दरअसल, सिटी सेंटर में स्थित रीवाइटल मंत्रा फिटनेस सेंटर एंड ब्यूटी केयर का संचालन आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष रुचि गुप्ता करती हैं. रविवार को दीपावली के मौके पर रुचि गुप्ता अपने फिटनेस सेंटर पर लक्ष्मी पूजन कर रही थीं. लक्ष्मी पूजन के समय फिटनेस सेंटर के कर्मचारी भी मौजूद थे, तभी वहां रुचि गुप्ता के पति संदीप ठाकुर पहुंच गए. संदीप ठाकुर के पास पिस्तौल भी थी. तभी वहां किसी बात को लेकर संदीप ठाकुर की बहस होने लगी और इस बहस के बाद संदीप ठाकुर ने फायरिंग कर दी. पिस्तौल से निकली गोलियां मौके पर मौजूद दो कर्मचारियों को घायल कर गईं.
रुचि गुप्ता के कर्मचारी निखिल शर्मा और उज्जवल त्यागी गोली लगने से घायल हो गए. मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने संदीप ठाकुर को पकड़ने की कोशिश की तो वह मौके से निकल भाग खड़े हुए. इसकी सूचना तुरंत यूनिवर्सिटी थाने को दी गई. जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया. जहां उनकी स्थिति सामान्य बनी हुई है.
