रायपुर: राजधानी में पहली बार नगर निगम की ब्रांडेड कपड़ा फैक्ट्री खोली जा रही है। फैक्ट्री के इंफ्रास्ट्रक्चर का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। यहां 1000 से ज्यादा सिलाई मशीन लगाई जाएगी। फैक्ट्री में केवल महिलाओं को रोजगार दिया जाएगा। पहले चरण में 2000 से ज्यादा महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की प्लानिंग है। नगर निगम का प्लान इस प्रोजेक्ट का संचालन पीपीपी मोड के माध्यम से करने का है। अगले दो महीने के भीतर इस फैक्ट्री में ब्रांडेड कपड़ों का प्रोडक्शन शुरू कर दिया जाएगा।
दंतेवाड़ा की फैक्ट्री में बनीं जींस डैनेक्स ब्रांड के नाम से बेची जा रही है। राजधानी में मोवा स्थित पाम-बेलाजियो अपार्टमेंट के सामने करीब 45 हजार वर्गफीट जमीन में ब्रांडेड फैक्ट्री बन रही है। इसका भूमिपूजन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया था। निगम अफसरों का दावा है कि अगले साल से इस फैक्ट्री के कपड़े बाजार में बिकने शुरू हो जाएंगे। इस फैक्ट्री से शहरी महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। महिला गारमेंट्स फैक्ट्री में कोई भी महिला जिसे बेसिक टेलरिंग का ज्ञान है उसे काम करने का मौका दिया जाएगा।
