मध्यप्रदेश:- पौष्टिक गुणों से भरपूर बादाम सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। इसका इस्तेमाल खाने में कई तरह से किया जाता है। बादाम का हलवा बहुत ही स्वादिष्ट होता है। इसके अलावा बादाम का इस्तेमाल गार्निशिंग के तौर पर भी किया जाता है। इसमें विटामिन-ई, ओमेगा-3 फैटी एसिड, प्रोटीन, विटामिन-के, फाइबर, जिंक जैसे तमाम पोषक तत्व पाए जाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं, अधिक मात्रा में बादाम खाने से सेहत को बड़े नुकसान हो सकते हैं। आइए जानते हैं जरूरत से ज्यादा बादाम खाने के नुकसान।
पाचन से जुड़ी समस्या
अगर आप नियमित रूप से ज्यादा बादाम खाते हैं, तो आप पाचन से जुड़ी समस्या कब्ज, सूजन, लूज मोशन आदि से परेशान हो सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि बादाम में फाइबर की मात्रा अधिक होती है और जरूरत से ज्यादा फाइबर लेना सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है।
वजन बढ़ता है
ज्यादा बादाम खाने से वजन भी बढ़ सकता है। दरअसल, इसमें फैट्स और कैलोरी की मात्रा अधिक होती है। हालांकि बादाम में मोनोसैचुरेटेड फैट भी पाया जाता है, जो हृदय के लिए स्वस्थ होता है। आप अपनी डाइट में सीमित मात्रा में बादाम शामिल कर सकते हैं।
एलर्जी
जरूरत से ज्यादा बादाम खाने पर कई लोगों को एलर्जी, सूजन, चकत्ते आदि की समस्या होती है। इसलिए इसे कम मात्रा में ही खाएं। जो लोग एनाफिलेक्सिस जैसी गंभीर एलर्जी से ग्रस्त हैं, उन्हें बादाम खाने से परहेज करना चाहिए।
