जम्मू कश्मीर:- कश्मीर के राजौरी में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के रहने वाले कैप्टन शुभम गुप्ता शहीद हुए थे. जिसके बाद से ही शुभम गुप्ता की शहादत को लेकर उनके परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर कर बुरा हाल है. एक ओर घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है. वहीं शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय शहीद के परिवार से मिलने पहुंचे और सांत्वना दी थी।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सीएम योगी सरकार की ओर से परिजनों को 50 लाख की सहायता राशि का चेक सौंपा, जिस दौरान शहीद कैप्टन की मां ने रोते हुए कहा ‘प्रदर्शनी मत लगवाओ, मुझे मेरा बेटा शुभम लौटा दो.’ फिलहाल अब इस पर शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के पिता बसंत गुप्ता ने मार्मिक अपील की है. उन्होंने अपील करते हुए कहा कि शहीद की शहादत पर राजनीति न करें।
