*भोपाल:-* मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत चार राज्यों के चुनाव नतीजे आने में कुछ घंटों का ही समय बाकी है. चुनाव परिणाम से पहले सामने आए एक्जिट पोल के आंकड़ों ने सियासी हलचल भी बढ़ा दी है. हर कोई अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहा है. जिनके पक्ष में एक्जिट पोल के आंकड़े हैं वो खुश नजर आ रहे हैं, जबकि जिनके पत्र में एक्जिट पोल के नंबर नहीं हैं उन्होंने फाइनल नतीजे आने पर तस्वीर साफ होने की बात कही. इसी बीच उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगी. हम कल वोटों की गिनती का इंतजार कर रहे हैं. मुझे विश्वास है कि पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में तीनों राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार होगी. तेलंगाना और मिजोरम में भी हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे। *3 दिसंबर को चार राज्यों के चुनाव नतीजे*बता दें कि, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभाओं के लिए पिछले महीने मतदान हुआ था. सभी के नतीजे रविवार 3 दिसंबर को घोषित किए जाने थे, लेकिन अब सिर्फ चार राज्यों के नतीजे ही आ रहे हैं. मिजोरम के नतीजे 4 दिसंबर को जारी किए जाएंगे. निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को कहा था कि मिजोरम विधानसभा चुनाव में मतगणना निर्धारित तारीख से अब एक दिन बाद चार दिसंबर को होगी. यह मतगणना तीन दिसंबर रविवार को होनी थी।
