मध्यप्रदेश:- शिवराज सिंह चौहान को लेकर बीजेपी के अंदर से बड़ी खबर आ रही है. विधानसभा चुनाव बंपर सीटों के साथ जीतने के बावजूद मध्यप्रदेश में बीजेपी ने शिवराज सिंह चौहान को पूरी तरह से साइडलाइन कर दिया था. लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि शिवराज सिंह चौहान को लेकर बीजेपी ने कुछ प्लान किया है. सूत्रों के अनुसार बीजेपी शिवराज सिंह चौहान को लोकसभा चुनाव लड़ा सकती है और उसके लिए दो सीटों का चुनाव भी किया गया है.
फिलहाल पूरा मामला बीजेपी संगठन के उच्च पदस्थ पदाधिकारियों की बातचीत पर सीमित है लेकिन शिवराज सिंह चौहान जैसे पुराने और कद्दावर नेता का उपयोग बीजेपी लोकसभा चुनाव में करना चाह रही है. शिवराज सिंह चौहान भी बीजेपी में बड़ी जिम्मेदारी मिलने को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में लोकसभा चुनाव में शिवराज सिंह चौहान को मौका मिलने की काफी संभावनाए बनती नजर आ रही हैं.
अब सवाल ये उठता है कि आखिर शिवराज सिंह चौहान को किस लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाया जा सकता है. इसका जवाब भी बीजेपी के अंदरखाने से निकलकर सामने आ रहा है. इसके अनुसार शिवराज सिंह चौहान को विदिशा सीट से चुनाव लड़ाया जा सकता है, क्योंकि शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बनने से पहले इसी सीट पर लोकसभा चुनाव लड़ते रहे और जीतते रहे हैं. विदिशा को वैसे भी बीजेपी की सबसे सुरक्षित सीट माना जाता है और इस सीट पर बीजेपी उम्मीदवार की ही जीत तय होती है.
छिंदवाड़ा को लेकर चर्चा, लेकिन चांस कम
एक चर्चा ये भी है कि शिवराज सिंह चौहान को छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा सकते हैं. खुद कैलाश विजयवर्गीय ने इस तरह का बयान मीडिया में दिया था कि शिवराज सिंह चौहान को छिंदवाड़ा सीट से लोकसभा चुनाव लड़ाएंगे. लेकिन इसकी उम्मीद कम ही है, क्योंकि शिवराज सिंह चौहान जैसे बड़े नेता को छिंदवाड़ा जैसी सीट पर बीजेपी नहीं भेजना चाहेगी, क्योंकि छिंदवाड़ा सीट लंबे समय से कांग्रेस और कमलनाथ परिवार के पास बनी हुई है और वर्तमान में कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ इस सीट पर सांसद हैं. छिंदवाड़ा के लिए बीजेपी कोई दूसरा बड़ा प्लान तैयार कर रही है. कुल मिलाकर शिवराज सिंह चौहान का लोकसभा चुनाव में उतरना तय माना जा रहा है.
