नई दिल्ली:- जब भी हम किसी ट्रिप पर या छुट्टियां मनाने जाते हैं, तो हमारा पूरा फोकस इस बात पर होता है कि हर दिन के लिए अलग-अलग कपड़े ले जाएं, उसके साथ मैचिंग जूते-चप्पल, और अन्य चीजें भी रख लें जिससे सोशल मीडिया पर फोटोज पोस्ट करने पर हमें ढेरों तारीफें मिलें. पर ऐसा करने में हम कई बार जरूरत से ज्यादा सामान रख लेते हैं और फिर फ्लाइट में चेकइन के वक्त सामान का वजन ज्यादा हो जाता है. या फिर ट्रेन में ले जाते वक्त उसका भार ज्यादा हो जाता है और फिर बैग को उठाने में भी समस्या होती है. अगर आपके साथ भी ऐसी ही समस्या है, तो आपको 333 का पालन करना चाहिए.
मिरर वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार फ्लाइट अलर्ट सर्विस, गोइंग की प्रवक्ता केटी नास्त्रो ने हफपोस्ट से बात करते हुए बताया कि लोगों को यात्रा के लिए पैकिंग करते वक्त 333 तरीके का पालन करना चाहिए. इसमें आपको 3 टॉप, 3 बॉटम और 3 जोड़ी जूते अपने साथ रखने चाहिए. इस तरह कई सेट कपड़ों की जोड़ी बन जाएगी और उसी को बदल-बदलकर अगर पहना जाए, तो आसानी से लोग ट्रिप पर अलग-अलग कपड़े पहनकर अपने स्टाइल को फ्लॉन्ट कर सकते हैं.
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने पोस्ट किया ड्रेस का वीडियो
कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर @nasiamore ने भी अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर लोगों को दिखाया था कि 333 रूल कितने काम का है. उन्होंने इस वीडियो में दिखाया कि वो कैसे सिर्फ 3 जोड़ी कपड़ों से कई सेट बना लेती हैं. वो कहती हैं कि ऐसा करने से लोगों का काफी वक्त और मेहनत बचेगी. उन्होंने कपड़ों का इस्तेमाल कर 17 तरीके के आउटफिट कॉम्बिनेशन को बनाकर अपने फैंस को भी हैरान कर दिया.
वीडियो पर लोगों ने दी प्रतिक्रिया
उनके इस वीडियो को 4 हजार व्यूज मिले हैं और कुछ लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी है. एक ने कहा कि उसने भी इस रूल का इस्तेमाल कर के हाल ही में पैकिंग की थी. एक ने कहा कि उनकी आउटफिट कमाल की हैं. वहीं एक ने कहा कि उन्होंने गजब कर दिया. वीडियो में आप देख सकते हैं कि वो किस-किस तरह की ड्रेस को पहनती नजर आ रही हैं.
