नई दिल्ली:- बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा ने साल 2016 में बायोग्राफिकल ड्रामा ‘सरबजीत’ में दमदार एक्टिंग से सबका दिल छू लिया था। इस फिल्म का निर्देशन ओमंग कुमार ने किया और रणदीप ने सरबजीत सिंह का किरदार निभाया था। सरबजीत को 1991 में पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने मौत की सजा सुनाई थी और कथित आतंकवाद व जासूसी के लिए 22 साल जेल में बिताए थे। फिल्म में ऐश्वर्या राय, ऋचा चड्ढा और दर्शन कुमार भी नजर आए थे। अब रणदीप ने कहा कि वह कर्म सामने आता है, भले ही वह अज्ञात लोगों के माध्यम से ही क्यों न किया गया हो। रणदीप ने ऐसा क्यों कहा, आइये जानते हैं।
दरअसल, अज्ञात बंदूकधारियों ने रविवार को अमीर तनबा की हत्या कर दी, जो 2013 में लाहौर की कोट लखपत जेल में सरबजीत सिंह की हत्या के पीछे एक प्रमुख व्यक्ति था। अमीर तनबा लाहौर के इस्लामपुरा में जब अपने घर के बाहर खड़ा था, उसी समय मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बंदूकधारियों ने गोलीबारी की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
रणदीप ने दी यह प्रतिक्रिया
आज 14 अप्रैल को सरबजीत सिंह के हत्यारे अमीर सरफराज तांबा की मौत पर प्रतिक्रिया देते हुए रणदीप हुड्डा ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘कर्म। धन्यवाद ‘अज्ञात पुरुष’ मेरी बहन दलबीर कौर को याद कर रहा हूं और स्वपनदीप और पूनम को प्यार भेज रहा हूं। आज शहीद सरबजीत सिंह को कुछ न्याय मिला।
2013 में की गई थी सरबजीत की हत्या
कोट लखपत जेल के अंदर अमीर सरफराज तांबा और कैदियों द्वारा लगभग एक सप्ताह तक हमला किए जाने के बाद 26 जून 2013 को सरबजीत की मृत्यु हो गई। उन्हें 23 वर्षों तक लाहौर की कोट लखपत जेल में रखा गया। अमीर सरफराज तांबा ने भारतीय नागरिक सरबजीत की ईंटों और लोहे की छड़ों हमला कर हत्या कर दी थी। उसने आईएसआई के इशारे पर सरबजीत को मौत के घाट उतारा था।
सरबजीत सिंह की बायोपिक
वहीं बात करें सरबजीत सिंह की बायोपिक के बारे में तो रणदीप हुड्डा अभिनीत ‘सरबजीत’ 2016 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन, दर्शन कुमार और ऋचा चड्ढा सहित अन्य ने भी अभिनय किया था। ओमंग कुमार द्वारा निर्देशित फिल्म में दिखाया गया है कि सरबजीत नशे में अनजाने में भारत-पाक सीमा पार कर जाता है और पाकिस्तानी सेना उसे पकड़ लेती है। उसकी बहन दलबीर न्याय के लिए लड़ रही है और अपने भाई को निर्दोष साबित कर रही है।
