नई दिल्ली:– हर घर तिरंगा अभियान के तहत देश भर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एलान के तहत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान महिलाओं के लिए एक सफल घरेलू उद्योग बन गया है। इस अभियान का समन्वय करने वाले संस्कृति मंत्रालय के सचिव गोविंद मोहन बताते हैं कि हर घर तिरंगा अभियान साल 2022 में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के मौके पर शुरू किया गया एक राष्ट्रव्यापी पहल थी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे जन आंदोलन का रूप दिया। उनके संबोधनों से प्रेरित होकर लोगों ने दफ्तरों, स्कूलों, कालेजों के साथ साथ अपने-अपने घरों पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराने का संकल्प लिया है। खास बात ये कि इस अभियान ने देश भर में हजारों महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा किए। इस पहल ने जमीनी स्तर पर महिलाओं द्वारा संचालित एक नए उद्योग को जन्म दे दिया है। इसका व्यापक असर हुआ। बड़े बिजनेस ग्रुप पर तिरंगा झंडे के निर्माण की निर्भरता कम हो गई। आज स्व-सहायता समूह राष्ट्रीय ध्वज के निर्माता बन गए हैं।
यूपी ने 2022 में सरकार से 4.5 करोड़ झंडे खरीदे
गोविंद मोहन बताते हैं महिला स्वयं सहायता समूहों ने तेजी से ध्वज उत्पादन का काम अपने हाथ में ले लिया। इससे केंद्र सरकार की ओर से आपूर्ति किए जाने वाले राष्ट्रीय झंडों की मांग कम होकर करीब 2.5 करोड़ रह गई। इस मामले में उत्तर प्रदेश सबसे अव्वल निकला। उत्तर प्रदेश ने 2022 में सरकार से 4.5 करोड़ झंडे खरीदे थे लेकिन स्वयं सहायता समूहों की आत्मनिर्भरता के चलते 2023 में कोई खरीदारी नहीं की।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने आवास पर फहराया तिरंगा हर घर तिरंगा अभियान के तहत केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ‘हर घर तिरंगा’अभियान के तहत आज नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर तिरंगा फहराया। तिरंगा फहराने के बाद ‘X’ पर अपनी एक पोस्ट में केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के अभियान के अंतर्गत पूरा देश तिरंगामय हो रहा है।
आज नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर तिरंगा लहरा कर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने वाले नायकों को याद किया। तिरंगा करोड़ों देशवासियों की एकता, निष्ठा व गौरव का प्रतीक बन अनंत काल तक लहराता रहेगा।
