नई दिल्ली:- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड में बीजेपी की सरकार बनने पर घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। सरायकेला में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में घुसपैठियों की पहचान कर उनको बाहर निकालने तथा उनके कब्जे में ली गई जमीन को वापस लेने के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि आदिवासी महिलाओं से शादी करके जमीन हासिल करने वाले घुसपैठियों पर नियंत्रण के लिए भी एक विशेष कानून बनाएंगे।
क्या बोले अमित शाह
अमित शाह ने झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार पर बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड में आदिवासियों की आबादी घट रही है और घुसपैठिए हमारी बेटियों से शादी करके जमीन हड़प रहे हैं। शाह ने आगे कहा कि हम आदिवासी महिलाओं से शादी करने पर घुसपैठियों को जमीन हस्तांतरण रोकने के लिए कानून बनाएंगे।
उठाया चंपई सोरेन का मुद्दा
अमित शाह ने साथ ही यह भी आरोप लगाया कि झारखंड में घुसपैठ का मुद्दा उठाने पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता चंपई सोरेन का अपमान किया गया तथा हेमंत सोरेन ने उनको मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए मजबूर कर दिया। गृह मंत्री ने जेएमएम, कांग्रेस तथा राजद नेताओं पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने और केवल अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए काम करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने आगे कहा कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो झामुमो के भ्रष्ट नेताओं को जेल भेजेंगे।
अमित शाह ने कहा कि बीजेपी सरकार आते ही घुसपैठियों पर नियंत्रण के साथ-साथ आदिवासियों के अधिकारों की भी सुरक्षा की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार झारखंड के विकास के लिए ईमानदारी के साथ काम करेगी।
JMM पर बोला हमला
अमित शाह ने झामुमो सरकार पर 300 करोड़ रुपये के भूमि घोटाले, 1,000 करोड़ रुपये के मनरेगा घोटाले, 1,000 करोड़ रुपये के खनन घोटाले और करोड़ों रुपये के शराब घोटाले का आरोप लगाया। शाह ने दावा किया कि केंद्र द्वारा भेजे गए 3.90 लाख करोड़ रुपये का भी JMM सरकार ने दुरुपयोग किया। अमित शाह ने वादा किया कि भाजपा सरकार आने पर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि अगर केंद्र एक रुपया भेजे तो राज्य उसमें 25 पैसे और जोड़े, जिससे जनता तक 1.25 रुपये का लाभ पहुंचे।
